logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर सख्त निर्देश


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा, स्मार्ट मीटर, पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता और प्रदेश की कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने 25, 26 और 27 अप्रैल को प्रस्तावित होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बताया गया कि प्रदेश के 74 जनपदों में 41,424 होमगार्ड्स पदों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी, जो दो पालियों में संपन्न होगी। मुख्यमंत्री ने भीषण गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर शीतल पेयजल, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आपूर्ति और वितरण की स्थिति सामान्य है।
उन्होंने नेपाल सीमा से सटे जिलों में कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। स्मार्ट मीटर को लेकर उठ रही आशंकाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट जल्द प्राप्त होगी। इस बीच, सभी जिलों में फीडर-वार विशेष शिविर आयोजित कर उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान और व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य किया जाए।

1
0 views

Comment