बदायूं में सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने टेंपो को मारी टक्कर, महिला समेत कई घायल
बदायूं। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में एक सड़क हादसे में महिला समेत कई लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 को एक महिला कर्मचारी ड्यूटी समाप्त कर टेंपो से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान आवास विकास क्षेत्र के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो पलट गया। हादसे में टेंपो में बैठी महिला के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसे 5-7 टांके लगाने पड़े। वहीं अन्य सवारियों को भी चोटें आईं, जिनमें एक महिला के सिर में और एक युवक के पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि हादसा कार चालक की लापरवाही और तेज गति के कारण हुआ। पीड़िता का आरोप है कि वाहन स्वामी ने मामले को रफा-दफा करने के बजाय अभद्र व्यवहार किया और धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कार चालक और वाहन स्वामी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।