यू-टर्न लेते समय दर्दनाक हादसा, 19 वर्षीय युवक की मौत; टक्कर मारकर बाइक सवार फरार।
चंदौली। सकलडीहा कस्बा स्थित चंदौली–सकलडीहा मार्ग पर प्रतिमा पेट्रोल पंप के पास मंगलवार रात करीब 8 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक यू-टर्न ले रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार रतनपुरा गांव निवासी बहादुर राजभर का सबसे छोटा बेटा बाढू राजभर (19 वर्ष) भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे आरओबी में कार्य करता था। मंगलवार शाम काम खत्म कर वह अपने साथी भीम राजभर के साथ बाइक से पेट्रोल भरवाने जा रहा था। इसी दौरान प्रतिमा पेट्रोल पंप के पास यू-टर्न लेते समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाढू राजभर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि फरार बाइक सवार की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।