logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

तिलहर मंडी में निरीक्षक 9 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, बीएसए कार्यालय कांड के बाद फिर कार्रवाई

शाहजहांपुर।
जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को टीम ने तिलहर मंडी में तैनात क्षेत्रीय विपणन निरीक्षक मुनेंद्र नाथ पटेल को 9 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी किसान से गेहूं की तौल कराने के बदले प्रति क्विंटल 100 रुपये की अवैध वसूली कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, किसान सौरभ सिंह ने समर्थन मूल्य पर गेहूं की तौल कराने के लिए मंडी में संपर्क किया था। आरोप है कि निरीक्षक ने तौल कराने के एवज में प्रति क्विंटल 100 रुपये रिश्वत की मांग की। परेशान किसान ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से कर दी।

शिकायत के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। किसान 90 क्विंटल गेहूं लेकर मंडी पहुंचा और तय योजना के तहत 9 हजार रुपये आरोपी को दिए। जैसे ही निरीक्षक ने रुपये स्वीकार किए, पहले से मौजूद टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कटरा थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि मामले में विधिक प्रक्रिया जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बीएसए कार्यालय कांड के बाद फिर बड़ी कार्रवाई
शाहजहांपुर में इससे पहले सोमवार को बीएसए कार्यालय के बाहर जिला समन्वयक निश्चय सिंह और कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण कुमार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया था, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया था।

इसके अलावा बीते महीनों में भी जिले में लेखपाल, पंचायत कर्मी समेत कई कर्मचारियों के खिलाफ रिश्वतखोरी के मामलों में कार्रवाई हो चुकी है।

भ्रष्टाचार पर सख्ती से बढ़ा दबाव
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से सरकारी विभागों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। जनपद में एंटी करप्शन टीम की सक्रियता से आम लोगों का भरोसा भी बढ़ा है।

2
578 views

Comment