शाहजहांपुर में भाजपाइयों ने फूंका विपक्ष का पुतला, महिला आरक्षण को लेकर प्रदर्शन
शाहजहांपुर। महिला आरक्षण विधेयक को लेकर बुधवार को शहर में सियासी माहौल गरमा गया। भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और महिला कार्यकर्ताओं ने खिरनीबाग चौराहे पर विपक्ष का पुतला फूंककर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विपक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उसे महिला विरोधी बताया।
प्रदर्शन में महापौर अर्चना वर्मा, ददरौल विधायक अरविंद सिंह, युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अभिषेक सागर, महानगर उपाध्यक्ष अभिषेक यादव व महानगर महामंत्री अंशुल चौहान समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने संसद में महिला आरक्षण विधेयक पेश कर महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने का प्रयास किया, लेकिन विपक्ष के विरोध के चलते यह विधेयक पारित नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने महिलाओं के हितों की अनदेखी की है।
उन्होंने कहा कि संसद में महिला आरक्षण का विरोध कर विपक्ष ने महिलाओं के अधिकारों को रोकने का काम किया है। भाजपा की महिला कार्यकर्ता इस कृत्य की निंदा करती हैं और आने वाले चुनावों में इसका जवाब देंगी।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं, जबकि विपक्षी दल महिला विरोधी मानसिकता रखते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील भी की।