logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

समस्तीपुर:- बहन की शादी की खुशियां मातम में बदली, सड़क हादसे में 25 वर्षीय मुकेश की दर्दनाक मौत

​हसनपुर (समस्तीपुर)। बिहार के समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवधा गांव के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
​शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
​मृतक की पहचान हसनपुर थाना क्षेत्र के ढठा गांव निवासी मुकेश दास (25 वर्ष) के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकेश अपनी मौसी के गांव जगरनाथ में अपनी मौसेरी बहन की शादी के समारोह में शामिल होने गया था। मंगलवार की सुबह जब वह शादी की खुशियां मनाकर अपनी बाइक से वापस अपने घर ढठा लौट रहा था, तभी पटसा-दुधपुरा पथ पर देवधा गांव के समीप उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई।
​पेड़ से टकराई बाइक, मौके पर तोड़ा दम
​स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर एक पेड़ से जोरदार टक्कर होने के कारण मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सुबह जब राहगीरों ने सड़क किनारे युवक का शव और गिरी हुई बाइक देखी, तो तुरंत स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। घटनास्थल पर जुटी भीड़ ने युवक की पहचान की, जिसके बाद उसके परिजनों को खबर दी गई।
​परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
​शादी वाले घर में जहां कुछ घंटों पहले तक शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब चीख-पुकार मच गई है। मुकेश की मौत की खबर मिलते ही माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि मुकेश मिलनसार स्वभाव का था और परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं।
​पुलिस की कार्रवाई
​सूचना मिलते ही हसनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला तेज रफ्तार के कारण बाइक के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने का लग रहा है। हालांकि, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

1
520 views

Comment