चिड़िया के घोंसले से शॉर्ट सर्किट, बैंक के पास लगी आग
शाजापुर शहर की नई सड़क स्थित बैंक ऑफ इंडिया के पास बुधवार को अचानक बिजली मीटर में आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच शॉर्ट सर्किट के कारण हुई बताई जा रही है।
आग लगते ही बैंक कर्मचारियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए बिजली आपूर्ति बंद कर दी और सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना के दौरान बैंक परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पानी डालकर आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इस दौरान बैंक का कामकाज कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही बिजली कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लाइन बंद कर सुधार कार्य शुरू किया। इस घटना के कारण क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बिजली कंपनी के कर्मचारी कुलदीप विश्वकर्मा के अनुसार, मीटर के पास एक चिड़िया ने घोंसला बना लिया था, जिसकी वजह से शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। उन्होंने बताया कि यह मुख्य लाइन होने के कारण बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन समय रहते बिजली बंद कर देने से स्थिति पर काबू पा लिया गया।
कैमरामैन संजय कुशवाहा
शाजापुर