खोंधला में परंपरागत पंचवर्षीय बयार विवाह का भव्य आयोजन
समाचार:
उदयपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत खोंधला के बड़यापारा स्थित पुराना देवगुड़ी में आयोजित सार्वजनिक बायर पूजा इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस पारंपरिक धार्मिक आयोजन में पूरे गांव के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पूजा के दौरान गांव के समस्त देवी-देवताओं—ग्राम देवी, कुल देवता एवं अन्य लोक देवताओं की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। यह अनुष्ठान गांव के पारंपरिक पुजारी बैगा और पंडा द्वारा मंत्रोच्चार और देव आवाहन के साथ संपन्न कराया गया।
इस आयोजन की विशेषता दिन-रात चलने वाला बायर नाचा रहा, जिसमें ग्रामीण कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया। ढोल-नगाड़ों और लोकगीतों की गूंज से पूरा गांव जीवंत हो उठा। रातभर चले इस नाचा में गांव के लोग बड़ी संख्या में शामिल होकर आनंद लेते रहे।
ग्रामवासियों ने एकजुट होकर पूजा में भाग लिया और गांव की सुख-शांति, अच्छी फसल और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर सामाजिक एकता और भाईचारे का अनूठा उदाहरण देखने को मिला।
गांव के बुजुर्गों के अनुसार बायर पूजा और बायर नाचा गांव की प्राचीन परंपरा का अभिन्न हिस्सा है, जिसे हर वर्ष पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि ग्रामीण संस्कृति और परंपरा को जीवित रखने का माध्यम भी है।