logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विकास कार्यों को अनावश्यक लंबित रखने पर सख्त कार्रवाई होगी – कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे



प्रभातपट्टन में योजनाओं के क्रियान्वयन का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, ग्रामीणों से संवाद कर सुनी समस्याएं

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने प्रभातपट्टन क्षेत्र के ग्रामों का सघन भ्रमण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने ग्राम पंचायत घाट बिरौली पहुंचकर पीएम आवास योजना, पीएम श्रम योगी मानधन योजना, संबल पंजीयन एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित आवास निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पीएम श्रम योगी मानधन योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों का पंजीयन करने को कहा। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पानी की टंकी निर्मित होने के बावजूद उससे जल वितरण नहीं हो पा रहा है। इस पर कलेक्टर ने पंचायत एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को टंकी की मरम्मत कर शीघ्र जल वितरण प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

स्कूल निर्माण कार्य लंबे समय से लंबित पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृत राशि के अनुरूप कार्य तत्काल प्रारंभ किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने पशुशेड, पौधरोपण, तालाब, खेत तालाब, कपिलधारा, स्वच्छता एवं “एक बगिया मां के नाम” जैसी योजनाओं की भी समीक्षा की। तालाब निर्माण कार्य अधूरा पाए जाने एवं समन्वय की कमी पर उन्होंने कार्यपालन यंत्री और सहायक यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऊर्जा विकास निगम की योजनाओं के अंतर्गत पात्र स्थानों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इससे बिजली की खपत में कमी आएगी। साथ ही पंचायतों का क्लस्टर बनाकर एकीकृत कचरा प्रबंधन एवं प्रोसेसिंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। आंगनवाड़ी एवं स्कूलों के संचालन की स्थिति की भी जानकारी ली।

➡️ तालाब गहरीकरण एवं पिचिंग के निर्देश

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने घाट बिरौली पंचायत में तालाब का निरीक्षण कर उसकी साफ-सफाई, गहरीकरण एवं पिचिंग निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए।

➡️ “#एक_बगिया_मां_के_नाम” योजना का निरीक्षण

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने हितग्राही पिंक बारस्कर के खेत में पहुंचकर “एक बगिया मां के नाम” योजना के अंतर्गत किए गए कार्यों की गुणवत्ता परखी। उन्होंने पौधों की प्रगति, फेंसिंग एवं सिंचाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार संजय बैरिया, तहसीलदार यशवंत गिन्नारे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती इंदिरा महतो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

3
89 views

Comment