logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

प्रगतिशील किसान के कस्टम हायरिंग सेंटर का कलेक्टर डॉ सोनवणे ने किया निरीक्षण


आधुनिक कृषि यंत्रों से बढ़ी आय, अन्य किसानों को भी योजनाओं से जुड़ने की सलाह

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मुलताई विकासखंड के ग्राम डोब में प्रगतिशील कृषक श्री कमलेश देशमुख के निजी कस्टम हायरिंग सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध आधुनिक कृषि यंत्रों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी ली।
कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित योजना के अंतर्गत कृषक को 9.60 लाख रुपए का अनुदान प्राप्त हुआ है। कस्टम हायरिंग सेंटर पर ट्रैक्टर, कल्टीवेटर, सुपर सीडर, रीपर कंबाइंडर, रोटावेटर, रिवर्सिबल प्लाऊ एवं ग्रेडिंग मशीन जैसे आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध हैं, जिनका कलेक्टर डॉ सोनवणे ने निरीक्षण किया।

कृषक श्री देशमुख द्वारा ई-कृषि यंत्र अनुदान (डीबीटी) योजना के तहत बैकहो लोडर, मिनी दाल मिल सहित अन्य आधुनिक उपकरण भी खरीदे गए हैं, जिन पर शासन से अनुदान मिला है। इन यंत्रों के माध्यम से न केवल स्वयं के कृषि कार्य समय पर हो रहे हैं, बल्कि ग्राम के अन्य किसानों को भी सुविधा मिल रही है, जिससे उनकी उत्पादकता और आय में वृद्धि हुई है।
निरीक्षण के दौरान सहायक कृषि यंत्री डॉ. प्रमोद कुमार मीणा ने कलेक्टर एवं उपस्थित किसानों को योजना की आवेदन प्रक्रिया और यंत्रों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। कलेक्टर ने रीपर कंबाइंडर की कार्यप्रणाली को समझा तथा बैकहो ट्रैक्टर अटैचमेंट के उपयोग के बारे में भी कृषक से जानकारी प्राप्त की।

कृषक द्वारा कामधेनु योजना के अंतर्गत 25 गायों का लाभ भी लिया गया है, जिससे उनकी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित हुए हैं। कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने किसान के कार्यों की सराहना करते हुए अन्य किसानों को भी शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

21
471 views

Comment