गुरदीप के पिता को तीन लाख सतहत्तर हजार रुपए की आर्थिक सहायता की प्रदान
खानपुर कलां -22 अप्रैल।
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां में सुरक्षा शाखा में कार्यरत सुरक्षा कर्मी श्री गुरदीप सिंह, ने अपनी ड्यूटी का निर्वहन करते हुए अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। 16 मार्च को मधुमक्खियों के हमले के दौरान उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया और इसी दौरान उन्होंने अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए विश्वविद्यालय परिवार द्वारा उनके परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
कुलपति प्रो सुदेश ने गुरदीप के पिता को तीन लाख सतहत्तर हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए कहा कि उनका यह सर्वोच्च बलिदान सदैव याद रखा जाएगा और हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। विश्वविद्यालय गुरदीप के बेटे को एक्स ग्रेशिया पालिसी के तहत नौकरी दिलाने की प्रक्रिया को पूरी कर प्रस्ताव सरकार को भेज चुका है और महिला विश्वविद्यालय सदैव इस परिवार के साथ खड़ा है।
फोटो कैप्शन :-गुरदीप के पिता को आर्थिक सहायता प्रदान करते कुलपति प्रो सुदेश , कुलसचिव प्रो शिवालिक यादव व मुख्य सुरक्षा अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ अनिल बल्हारा।