वैवाहिक सीजन के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर यात्री बसों की विशेष जांच अभियान.!
बलरामपुर (मोहम्मद खालिद)
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में वैवाहिक सीजन को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर यात्री बसों की विशेष जांच की गई। यह कार्रवाई दिनांक 21 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा संपादित की गई।
संयुक्त टीम द्वारा अंबिकापुर-रामानुजगंज मार्ग स्थित सेमरसोत, एनएच-343 पर संचालित यात्री बसों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान विशेष रूप से वाहनों के परमिट, बीमा, फिटनेस प्रमाणपत्र एवं वाहन पंजीयन दस्तावेजों का परीक्षण किया गया।
जांच के दौरान बिना परमिट वाहन संचालन के दो प्रकरणों में कुल 10,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त, सेंट जेवियर स्कूल, राजपुर की बस क्रमांक सीजी 15 ईजी 2821 को स्कूली बस के रूप में पंजीकृत होने के बावजूद बाराती एवं सवारी परिवहन करते पाए जाने पर विधिवत जप्ती एवं चालानी कार्रवाई की गई।
यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला परिवहन अधिकारी के समन्वय से वैकल्पिक बस की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की गई। साथ ही संबंधित स्कूल बस का परमिट निरस्त करने एवं वाहन चालक के लाइसेंस निलंबन हेतु प्रतिवेदन परिवहन विभाग को प्रेषित किया गया है।
बलरामपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन संचालन के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेजों की प्रतिलिपि अपने साथ रखें, यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, शराब सेवन के बाद वाहन न चलाएं तथा मालवाहक वाहनों में यात्रियों का परिवहन कदापि न करें।