logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बोर्ड परीक्षा परिणाम से पूर्व अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं गुरुजनों हेतु प्रेरक अपील एवं हार्दिक शुभकामनाएँ डॉ. आशुतोष कुमार यादव

प्रवक्ता, श्री सुंदर लाल इण्टर कालेज, औरेला सैदनपुर, बाराबंकी
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने का पावन क्षण समीप है। प्राप्त जानकारी के अनुसार परीक्षा फल दिनांक *23.04.2025 को सायं 4 बजे**घोषित होना सुनिश्चित है। यह समय विद्यार्थियों के जीवन का अत्यंत संवेदनशील होते हुए भी संभावनाओं की स्वर्णिम दहलीज पर खड़ा एक महत्वपूर्ण पड़ाव है—जहाँ आशा, उत्सुकता और आत्ममंथन की भावनाएँ एक साथ स्पंदित होती हैं।
सम्मानित अभिभावकों से अपील
हे आदरणीय अभिभावकगण! आपसे करबद्ध विनम्र निवेदन है कि इस परिणाम-काल में अपने स्नेहिल व्यवहार, धैर्यपूर्ण वाणी और अटूट विश्वास से अपने बच्चों के मनोबल को सुदृढ़ करें। यह सदैव स्मरण रखें कि परीक्षा-फल केवल अंकों का प्रतिबिंब है, जीवन की संपूर्ण क्षमता और प्रतिभा का अंतिम मानदंड नहीं।
अन्य बच्चों से तुलना न करें, आपका प्रत्येक बच्चा अपने आप में विशेष, अद्वितीय और संभावनाओं से परिपूर्ण है।
आपके प्रोत्साहन के मधुर शब्द, विश्वास का स्पर्श और स्नेह का संरक्षण ही उनके आत्मविश्वास को पुष्पित-पल्लवित करता है। कठिन समय में आपका साथ ही उनके साहस का सबसे बड़ा आधार बनता है।
विद्यार्थियों के लिए।
प्रिय विद्यार्थियों, यह क्षण आपके जीवन की यात्रा का एक पड़ाव मात्र है, न कि अंतिम लक्ष्य। यदि सफलता आपके द्वार पर दस्तक दे, तो विनम्रता को अपना आभूषण बनाएं; और यदि परिणाम अपेक्षा के अनुरूप न हो, तो उसे आत्मचिंतन और नवसंकल्प का अवसर मानें। याद रखिए—असफलता वह दीपशिखा है जो मार्ग को आलोकित करती है, और संघर्ष ही वह सेतु है जो सफलता तक पहुँचाता है।
आदरणीय गुरुजनों के प्रति
यह परिणाम केवल विद्यार्थियों की उपलब्धि नहीं, बल्कि आपके अथक परिश्रम, समर्पण और ज्ञान-दीक्षा की साधना का साकार रूप है। आपके श्रम, तप और मार्गदर्शन की उज्ज्वल छाया ही विद्यार्थियों की सफलता में परिलक्षित होती है। वास्तव में, यह उपलब्धि आपके शिक्षण-धर्म की गौरवपूर्ण अभिव्यक्ति है।
वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में मानसिक संतुलन, सकारात्मक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास ही सफलता के वास्तविक आधार हैं। परिस्थितियाँ चाहे जैसी भी हों, अपने भीतर की ज्योति को प्रज्वलित रखें और निरंतर कर्मरत रहें।
अंततः, मैं सभी छात्र-छात्राओं को आगामी परीक्षा परिणाम हेतु हृदय से शुभकामनाएँ प्रेषित करता हूँ।
“परिश्रम की तपस्या जब विश्वास की ज्योति से आलोकित होती है, तब सफलता स्वयं पथ प्रशस्त करती है।”

आप सभी के उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक मंगलकामनाओं सहित।

रिपोर्ट सतीश शर्मा बाराबंकी

2
1353 views

Comment