वनों को आग से बचाने के लिए जागरूकता शिविर, मोरनी में दिया गया प्रशिक्षण
मोरनी, 21 अप्रैल। हरियाणा वन विभाग एवं मोरनी कम्युनिटी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में कॉलेज परिसर में वन अग्निशमन प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य वन क्षेत्र में कार्यरत वन रक्षकों, अधिकारियों, स्थानीय सरपंचों और ग्रामीणों को वनाग्नि की रोकथाम, नियंत्रण व प्रबंधन के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि हरियाणा में हर वर्ष गर्मी के मौसम में वनाग्नि की सैकड़ों घटनाएं सामने आती हैं, जिससे जैव विविधता, वन्यजीव और पर्यावरण को भारी नुकसान होता है। विशेष रूप से शिवालिक पहाड़ियों के बीच स्थित मोरनी क्षेत्र में आग लगने का खतरा अधिक बना रहता है।
शिविर में प्रतिभागियों को आग लगने के कारण, शुरुआती पहचान, नियंत्रण के उपाय और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही व्यावहारिक प्रशिक्षण के जरिए आग बुझाने की तकनीकों का प्रदर्शन भी किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि मोरनी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में स्थानीय समुदाय की भागीदारी वन संपदा की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। इस तरह के प्रशिक्षण शिविर न केवल जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि आपदा के समय प्रभावी प्रतिक्रिया देने में भी सहायक साबित होते हैं।
#समाचारसंसारन्यूज24 #Morni #वनविभाग #ForestFire #वनसंरक्षण #HaryanaForest #MorniHills #EnvironmentalProtection