“आत्मनिर्भर भारत हेतु स्वदेशी एवं उद्यमिता का महत्व” विषय पर एक दिवसीय व्याख्यान का आयोजन
खानपुर कलां, 21 अप्रैल 2026
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां के स्वावलम्बन केंद्र द्वारा “आत्मनिर्भर भारत हेतु स्वदेशी एवं उद्यमिता का महत्व” विषय पर एक दिवसीय व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुदेश की अध्यक्षता में किया गया, जिसका उद्देश्य शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अन्य हितधारकों में आत्मनिर्भरता की भावना को सुदृढ़ करना रहा।कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के संस्कारम सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय सह संयोजक स्वदेशी जागरण मंच श्री सतीश कुमार व विशिष्ट अतिथि के रूप में हरियाणा प्रान्त संगठक स्वदेशी मंच श्री कुलदीप पूनिया मौजूद रहे। श्री सतीश कुमार ने अपने संबोधन की शुरुआत जय स्वदेशी जय जय स्वदेशी के उदघोष से की। उन्होंने कहा कि “स्वदेशी केवल एक आर्थिक नीति नहीं, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक पहचान और आत्मनिर्भरता का मूल आधार है। यदि हम स्थानीय उत्पादों को अपनाते हैं और उद्यमिता को बढ़ावा देते हैं, तो भारत वैश्विक स्तर पर आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में सशक्त रूप से उभर सकता है।” उन्होंने युवाओं को रोजगार खोजने के बजाय रोजगार सृजन कर्ता बनने के लिए प्रेरित किया तथा स्टार्टअप और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। श्री सतीश कुमार ने डोंट बी जॉब सीकर , बी जॉब प्रोवाइडर पर बल दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. सुदेश ने अपने संबोधन में कहा कि “आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब शिक्षा के साथ-साथ कौशल और उद्यमिता को भी समान महत्व दिया जाएगा। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि छात्राओं को न केवल अकादमिक रूप से सक्षम बनाया जाए, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी नागरिक के रूप में विकसित किया जाए।” उन्होंने स्वदेशी मूल्यों को अपनाने और नवाचार आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। कुलपति ने छात्राओं को माइंडसेट बदलने का आह्वान किया। इस अवसर पर श्री सतीश कुमार द्वारा लिखित पुस्तक सरल समग्र स्वदेशी का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम के पश्चात प्रशासनिक भवन के सभागार में शिक्षकों के साथ एक संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें स्वदेशी और उद्यमिता के विभिन्न आयामों पर विचार-विमर्श किया गया।कार्यक्रम की रूपरेखा संगोष्ठी संयोजक प्रो इप्शिता बंसल ने रखी , जबकि मंच संचालन विश्वविद्यालय स्वावलम्ब केंद्र की निदेशक प्रो अंशु भारद्वाज ने किया। फोटो कैप्शन :-02 दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ करते श्री सतीश कुमार व कुलपति प्रो सुदेश। 03 श्री सतीश कुमार द्वारा लिखित पुस्तक सरल समग्र स्वदेशी का विमोचन करते कुलपति प्रो सुदेश व अन्य।