logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

रायबरेली - बारात का इंतजार करती रही दुल्हन, दूल्हा नहीं पहुंचा; दूसरे से कोर्ट मैरिज की जानकारी से मचा हड़कंप


रायबरेली। सरेनी थाना क्षेत्र के रासीगांव में मंगलवार को एक शादी उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब दुल्हन पक्ष बारात का इंतजार करता रह गया, लेकिन निर्धारित समय पर दूल्हा नहीं पहुंचा। बाद में मिली जानकारी से पूरे क्षेत्र में हैरानी फैल गई।
परिजनों के अनुसार, सुमन (परिवर्तित नाम), पुत्री स्वर्गीय रामकुमार साहू की शादी उन्नाव जनपद के अजगैन थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी प्रवेश उर्फ रिंकू, पुत्र कैलाश चंद्र के साथ तय थी। शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और घर में मेहमानों का जमावड़ा लगा हुआ था। बारात के स्वागत की तैयारियां भी पूरी थीं, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी बारात नहीं पहुंची।
बताया गया कि दुल्हन पक्ष द्वारा संपर्क करने पर जानकारी मिली कि संबंधित युवक ने पूर्व में ही किसी अन्य युवती से न्यायालय में विवाह कर लिया है। यह सूचना मिलते ही शादी का माहौल गम और आक्रोश में बदल गया।
दुल्हन पक्ष का कहना है कि तिलक, बरीक्षा और अन्य तैयारियों में लगभग 10 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। उनका आरोप है कि उन्हें पूरी जानकारी दिए बिना रिश्ता तय किया गया, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक क्षति उठानी पड़ी।
घटना के बाद परिजन व ग्रामीण दुल्हन को लेकर सरेनी थाने पहुंचे और प्रकरण में कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

3
89 views

Comment