प्रतापगढ़ पुलिस ने 5 करोड़ का प्रतिबंधित केमिकल पकड़ा: 5 ग्राम एमडी ड्रग्स भी पकड़ी, एक आरोपी गिरफ्तार।
प्रतापगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.387 किलोग्राम प्रतिबंधित 2-ब्रोमो-4-मिथाइलप्रोपिओफेनोन केमिकल पाउडर और 5 ग्राम एमडी जब्त की है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में नौंगावा, अरनोद निवासी आबिद खान को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी बी. आदित्य ने बताया-अरनोद पुलिस और डीएसटी टीम ने 21 अप्रैल को कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी आबिद खान अपने खेत के कुएं पर एमडी बनाता है और उसने प्रतिबंधित केमिकल कुएं पर छिपा रखा है।
अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में टीम ने नौंगावा स्थित आबिद खान के कुएं पर दबिश दी। तलाशी के दौरान, कुएं के पास बने पानी के हॉज (टैंक) से एक प्लास्टिक का कट्टा मिला। इसमें 7 किलो 387 ग्राम सफेद रंग का2-ब्रोमो-4-मिथाइलप्रोपिओफेनोन केमिकल पाउडर था, जिसका उपयोग एमडी बनाने में होता है।
हॉज के पास आगे की तलाशी में एक प्लास्टिक की थैली में 5 ग्राम एमडी भी बरामद हुई। पुलिस ने प्रतिबंधित केमिकल पाउडर और एमडी को जब्त कर आरोपी आबिद खान को गिरफ्तार कर लिया।
अरनोद थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बता दें कि भारत सरकार ने 11 मार्च 2026 को गजट नोटिफिकेशन जारी कर 2-ब्रोमो-4-मिथाइलप्रोपिओफेनोन को एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थ की श्रेणी में शामिल किया था। इस अधिसूचना के बाद प्रतापगढ़ जिले में इस प्रतिबंधित केमिकल पाउडर की यह पहली कार्रवाई है।