आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल का उद्घाटन पुलिस व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश।
पुलिस विभाग के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए पुलिस लाइन में नवनिर्मित आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल का शुभारंभ किया गया। उदयपुर रेंज आईजी गौरव श्रीवास्तव ने प्रतापगढ़ पुलिस लाइन पहुंचकर विधिवत फीता काटकर इस हॉल का उद्घाटन किया। इस दौरान आईजी ने एक सराहनीय पहल करते हुए प्रशिक्षु डीएसपी को अपने साथ रखकर फीता कटवाया, जिससे नए अधिकारियों को प्रोत्साहन का संदेश दिया गया।
इससे पूर्व पुलिस लाइन पहुंचने पर आईजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने हॉल की सुविधाओं का निरीक्षण किया। आईजी ने पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य से लाइन की व्यवस्थाओं,उपलब्ध संसाधनों और कार्यप्रणाली की जानकारी लेकर पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के बाद आईजी ने क्राइम मीटिंग ली, जिसमें जिले में अपराध की स्थिति और नशा तस्करी जैसे मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने अवैध गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा सहित जिले के समस्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहें।