समाजवादी महिला सभा को मिला नया नेतृत्व, सीमा राजभर उर्फ भावना बनीं राष्ट्रीय अध्यक्ष
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम निर्णय लेते हुए श्रीमती सीमा राजभर उर्फ भावना को समाजवादी महिला सभा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस मनोनयन को पार्टी के भीतर महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
श्रीमती सीमा राजभर उर्फ भावना, ग्राम व पोस्ट करम्बर, जिला बलिया (उत्तर प्रदेश) की निवासी हैं और लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। पार्टी नेतृत्व को उनसे उम्मीद है कि वे महिला सभा को नई ऊर्जा प्रदान करेंगी और महिलाओं के अधिकारों, सम्मान तथा भागीदारी को मजबूती देंगी।
इस नियुक्ति की सूचना पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव समेत अन्य प्रमुख पदाधिकारियों को भी प्रेषित की गई है, ताकि संगठनात्मक स्तर पर आवश्यक समन्वय स्थापित किया जा सके। वहीं, समाजवादी महिला सभा की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह को भी इस निर्णय से अवगत कराया गया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह नियुक्ति समाजवादी पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति का हिस्सा हो सकती है, जिसमें महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाकर संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
✍🏻 ऋषभ पराशर, राष्ट्रीय अध्यक्ष,AIMA Media, All India Media Association (Y.C.)