प्रयागराज में रुपये के विवाद में युवक की चाकू से हत्या, तीन नामजद
प्रयागराज: यमुनानगर क्षेत्र में सोमवार आधी रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रुपये के लेन-देन के विवाद में अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, खीरी थाना क्षेत्र के खूंटा चौराहे के पास चांद खमरिया गांव निवासी 40 वर्षीय राजू आदिवासी पुत्र पारसनाथ आदिवासी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि राजू आदिवासी पास के सीकी कला गांव में एक बरात में शामिल होने के बाद देर रात घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने इस हत्या के पीछे रुपये के लेन-देन का विवाद बताया है।
थाना प्रभारी कृष्ण मोहन सिंह के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर तीन लोगों—कृष्णकांत आदिवासी, अनूप कोल उर्फ अन्नू सहित अन्य के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
मृतक राजू आदिवासी मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता था और कुछ दिनों पहले ही अपने घर आया हुआ था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।