खेत के कुएं में गिरी भैंस को सकुशल निकाला, भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने दिखाई तत्परता
इटावा, 21 अप्रैल।
क्षेत्र के शोभागपुरा गांव में मंगलवार को एक सराहनीय घटना सामने आई, जहां भारतीय किसान संघ ग्राम समिति के कार्यकर्ताओं ने सूझबूझ और मेहनत से एक भैंस की जान बचाई। खेत में बने कुएं में गिर गई भैंस को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
ग्राम समिति शोभागपुरा के अध्यक्ष युधिष्ठिर नागर ने जानकारी देते हुए बताया कि देवपुरा गांव निवासी किसान बाबूलाल सुमन की भैंस चरते-चरते खेत में बने कुएं में गिर गई थी। घटना की सूचना मिलते ही भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर काफी प्रयास किया और अंततः भैंस को कुएं से बाहर निकालने में सफलता हासिल की। बाहर निकालने के बाद भैंस की देखभाल भी की गई, जिससे वह सुरक्षित और स्वस्थ बनी रही।
अध्यक्ष युधिष्ठिर नागर, उपाध्यक्ष रविन्द्र नागर और मंत्री गजेन्द्र नागर ने बताया कि संगठन केवल किसानों की समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर इस प्रकार के सेवा कार्यों में भी सक्रिय रूप से भाग लेता है। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी संगठन की प्राथमिकता है।
भैंस के मालिक बाबूलाल सुमन ने भारतीय किसान संघ ग्राम समिति शोभागपुरा के सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से आज उनकी भैंस सकुशल है।
इस दौरान युधिष्ठिर नागर, दुलीचंद नागर, नन्द बिहारी खालोत्या, सुरेश नागर, कैलाश नागर, रमेश नागर, राधावल्लभ नागर, भगवान नागर, भेरूलाल, गोविन्द, रामकल्याण गौचर सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं ने बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।