गाजीपुर: अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 162 लीटर देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
जिला संवाददाता : विवेकानंद राय
गाजीपुर जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गहमर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने बिहार ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध देशी शराब को बरामद करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी कामाख्या उपनिरीक्षक रोहित कुमार द्विवेदी ने मुखबिर की सूचना पर 20 अप्रैल 2026 की रात को कार्रवाई करते हुए मुख्य सड़क से करहिया रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मोड़ के पास घेराबंदी की। इस दौरान एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें पानी की पेटियों के बीच छिपाकर शराब की खेप ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने वाहन से कुल 162 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 67 हजार रुपये बताई जा रही है। बरामद शराब में 490 पैकेट (90 लीटर) ब्ल्यू लाइम और 360 पैकेट (72 लीटर) शाही नींबू ब्रांड शामिल हैं। साथ ही 22 पेटी पानी की बोतलें भी बरामद की गईं, जिनका इस्तेमाल शराब को छिपाने के लिए किया जा रहा था।
मौके से गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दीपक चौहान (21 वर्ष), पुत्र भोला चौहान, निवासी ग्राम नवली जलालपुर, थाना रेवतीपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ मु0अ0सं0 61/2026 के तहत धारा 60/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रोहित कुमार द्विवेदी के साथ कांस्टेबल प्रीतम कुमार की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।