logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

उपायुक्त सतपाल शर्मा ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रबंधन समिति की बैठक की करी अध्यक्षता

पंचकूला 21 अप्रैल: बरवाला तहसील के गांव मौली स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की। इससे पूर्व, उपायुक्त सतपाल शर्मा के विद्यालय पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी संध्या छिकारा, एसएमओ रायपुर रानी डॉ. संजीव गोयल, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक जतिन मित्तल, पीडब्ल्यूडी विभाग से जेई गौरव, बतौड स्कूल से सचिन गुप्ता, मौली सरपंच प्रतिनिधि विक्रम सिंह, अभिभावक-शिक्षक परिषद से ताज मोहम्मद, अल्का, राजेश कुमार सहित विद्यालय के अध्यापक उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्राचार्य रूपचंद ने वर्ष 2025 में आयोजित पिछली बैठक में किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इसके पश्चात वर्ष 2026 के लिए प्रस्तावित कार्यों की सूची उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत की गई। इसमें सत्र 2025-26 के वार्षिक खर्च का विवरण, सत्र 2026-27 के लिए योगा अध्यापक को अनुबंध आधार पर नियुक्त करने का प्रस्ताव, क्रय सलाहकार समिति के गठन हेतु सदस्य नामित करने, विद्यालय के आसपास औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाले व्यक्तियों के पुलिस सत्यापन तथा बाहरी मार्ग पर पुलिस गश्त बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
इसके अलावा विद्यालय परिसर में गंदे पानी की निकासी की समस्या के समाधान, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ‘हर घर नल’ योजना के तहत पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने, मनरेगा के तहत सफाई कार्य, विद्यालय परिसर की सड़क के दोनों ओर पक्का करना, विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा कुकिंग स्टाफ की सेवाएं लेने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के साथ ही विद्यालय परिसर में चल रहे रीजनल लेवल टूर्नामेंट का शुभारंभ भी किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त सतपाल शर्मा ने विद्यालय परिसर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

0
597 views

Comment