रायबरेली की नाबालिग किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, आरोपियों पर डेढ़ महीने बीत जाने के बाद भी कार्यवाही न होने से परिजनों में रोष
रायबरेली/उन्नाव। रायबरेली जनपद के थाना सरेनी क्षेत्र के भोजपुर गांव निवासी एक नाबालिग किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के कई दिन बीत जाने और मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे परिवार में आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सरेनी क्षेत्र के भोजपुर गांव निवासी सुनीता देवी पत्नी प्रदीप कुमार की 17 वर्षीय पुत्री सुष्मिता बीते 26 फरवरी 2026 को अपने ननिहाल ग्राम पान कुंवर खेड़ा (जनपद उन्नाव) में थी। दोपहर करीब 2 बजे वह दुकान पर सामान लेने गई थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
परिजनों का आरोप है कि भोजपुर गांव निवासी गोलू पुत्र रामशंकर पासी किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। साथ ही राजू पुत्र रामआसरे, लल्लू पुत्र स्व. बिनु पासी एवं मनीषा पुत्री रामशंकर ने भी इस घटना में सहयोग किया।
परिवार ने बताया कि किशोरी अपने साथ सोने-चांदी के आभूषण (करीब 3-4 लाख रुपये मूल्य) एवं लगभग 20 हजार रुपये नकद भी ले गई है। काफी खोजबीन के बाद भी किशोरी का कोई पता नहीं चल सका।
इस मामले में 1 मार्च 2026 को थाना बिहार (जनपद उन्नाव) में मुकदमा दर्ज कराया गया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि अब तक पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी या किशोरी की बरामदगी को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जल्द से जल्द किशोरी की बरामदगी एवं आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।