logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जालौन: बिना मान्यता चल रहे स्कूलों पर शिकंजा, कई संस्थान होंगे सील

जालौन जिले में बिना मान्यता संचालित स्कूलों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। शिक्षा विभाग की जांच में कई ऐसे विद्यालय चिन्हित किए गए हैं, जो नियमों को ताक पर रखकर लंबे समय से संचालित हो रहे थे। अब इन पर सीलिंग की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
सूची में सिरसा कलार, कुठौंद, रामपुरा, आटा और उरई क्षेत्र के कई स्कूल शामिल हैं। इनमें आरजेपी एकेडमी सिरसा कलार, विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल कुठौंद, बीआर आंबेडकर कान्वेंट नैनापुर, सूरज पाल शिक्षा निकेतन रामपुरा, आंबेडकर विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल आटा, विजडम एकेडमी आटा, चंद्रशेखर शिक्षण संस्थान उरई, उमाशंकर पब्लिक स्कूल उरई, आरबीएस पब्लिक स्कूल कहटा और रॉयल ग्रीन पब्लिक स्कूल गोपालपुरा जैसे संस्थान शामिल बताए जा रहे हैं।
जांच में सामने आया है कि इन स्कूलों के पास आवश्यक मान्यता नहीं है और कई जगह बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। इसके बावजूद बच्चों का नामांकन कर फीस वसूली की जा रही थी। शिक्षा विभाग ने पहले इन स्कूलों को नोटिस देकर सुधार का मौका दिया, लेकिन नियमों का पालन न करने पर अब सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि इन विद्यालयों को सील कर दोबारा संचालन नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों का प्रवेश केवल मान्यता प्राप्त स्कूलों में ही कराएं, ताकि उनके भविष्य के साथ किसी तरह का खिलवाड़ न हो।
इस कार्रवाई से जिले में अवैध रूप से संचालित स्कूलों में हड़कंप मचा हुआ है।

5
191 views

Comment