logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गढ़वा: प्रेम-प्रसंग में युवक की नृशंस हत्या, तीन माह बाद कुएं से बरामद हुआ शव; प्रेमिका और पति समेत चार गिरफ्तार

रंका (गढ़वा): रंका थाना क्षेत्र के रपदा-खुरा गांव में पिछले तीन महीनों से लापता एक युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने सोमवार को एक कुएं से 24 वर्षीय रितेश कुमार रवि का शव बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने मृतक की प्रेमिका, उसके पति और दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
​चेन्नई से झांसा देकर बुलाया, फिर की हत्या
​पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि कंचनपुर निवासी रितेश कुमार रवि का प्रेम-प्रसंग प्रियंका देवी के साथ चल रहा था। जब इसकी जानकारी प्रियंका के पति धनंजय उरांव को हुई, तो उसने रितेश को रास्ते से हटाने की साजिश रची। रितेश उस वक्त चेन्नई में मजदूरी कर रहा था। योजना के तहत, धनंजय के दबाव में प्रियंका ने फोन कर रितेश को चेन्नई से वापस बुलाया। 7 जनवरी 2026 की रात जब रितेश वहां पहुंचा, तो आरोपियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
​क्रूरता की हदें पार: हाथ-पैर तोड़कर बोरे में भरा शव
​आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने हथौड़े से प्रहार कर रितेश की हत्या की। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए उसके हाथ-पैर तोड़ दिए गए और शव को पत्थरों के साथ एक बोरे में बांधकर घर से करीब एक किलोमीटर दूर एक पक्के कुएं में फेंक दिया, ताकि शव पानी के ऊपर न आ सके। साथ ही आरोपियों ने रितेश और प्रियंका के मोबाइल को भी पत्थर से कुचलकर पास के तालाब में फेंक दिया था।
​तकनीकी जांच से खुला राज
​रितेश के लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी के नेतृत्व में पुलिस ने जब तकनीकी जांच शुरू की और मोबाइल लोकेशन ट्रैक की, तो प्रियंका देवी पर शक गहराया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर प्रियंका ने सारा सच उगल दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रविवार रात कुएं का पानी पंप से निकलवाया और शव को बाहर निकाला।
​गिरफ्तार आरोपी:
​प्रियंका देवी (प्रेमिका)
​धनंजय उरांव (पति)
​छोटू उरांव
​नेपाली उरांव
​पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

0
0 views

Comment