फार्मर रजिस्ट्री निर्माण कार्य मिशन मोड में, जिलाधिकारी ने दिए त्वरित पूर्णता के निर्देश...
फार्मर रजिस्ट्री निर्माण कार्य मिशन मोड में, जिलाधिकारी ने दिए त्वरित पूर्णता के निर्देश.
एटा, 20 अप्रैल 26 (सू0 वि0)।
जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के निर्देशानुसार जनपद में फार्मर रजिस्ट्री बनाए जाने का कार्य मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण अभियान के अंतर्गत समस्त उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, कोटेदार, रोजगार सेवक तथा राजस्व एवं कृषि विभाग, कॉपरेटिव के अधिकारी-कर्मचारी पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहे हैं।
जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष कैंपों के माध्यम से किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार कराई जा रही है। संबंधित अधिकारियों द्वारा स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया जा रहा है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी पात्र किसान इस सुविधा से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि “फार्मर रजिस्ट्री शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का आधार है। सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र किसान की रजिस्ट्री शीघ्रता से पूर्ण की जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।”
उप कृषि निदेशक (डीडी कृषि) सुमित कुमार पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों के लिए अत्यंत आवश्यक है।आज आज सांय 5:00 बजे तक 1100 से अधिक किसानों की फार्मर आईडी तैयार कर दी गई है यह अभियान लगातार 30 अप्रैल तक चलेगा, इसके माध्यम से किसान सम्मान निधि, उर्वरक वितरण, फसल संबंधित योजनाएं एवं अन्य कृषि एवं राजस्व विभाग की लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि यदि किसी किसान को रजिस्ट्री कराने में कोई समस्या आ रही है तो वह अपने नजदीकी तहसील, विकास खंड कार्यालय अथवा पंचायत सचिवालय में लगाए गए कैंपों में पहुंचकर उसका समाधान प्राप्त कर सकता है।
समस्त किसान भाइयों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कैंपों में उपस्थित होकर अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं। यह प्रक्रिया न केवल सरल है, बल्कि भविष्य में सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अनिवार्य भी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फार्मर रजिस्ट्री न कराने की स्थिति में किसान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकते हैं। अतः सभी कृषक बंधु इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
जिला सूचना कार्यालय, एटा