Katihar -दलन चौक पर गुटबाजी बनी जानलेवा: चाय पीने गए 19 वर्षीय युवक की चाकू लगने से मौत, दोस्तों पर ही आरोप
कटिहार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दलन चौक के समीप गुटबाजी में हुई मारपीट के दौरान एक युवक को चाकू लगने से इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सहायक थाना क्षेत्र के ललियाही निवासी 19 वर्षीय छोटू सिंह के रूप में हुई है। हालांकि इस घटना में माता-पिता और परिजन मृतक के दो दोस्तों पर ही इस हत्या का आरोप लगा रहे हैं। वहीं जिन पर यह आरोप लगा है उनका कहना है कि इस घटना में उनका कोई हाथ नहीं है। वहां दो गुट साथ मारपीट हो रही थी और इसी दौरान उनके दोस्त को सर पर चाकू लग गई। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और घटना के अनुसंधान में जुट गई है। इधर घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और परिजन प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं।
घटना के बारे में मृतक के बड़े भाई अक्षय सिंह ने बताया कि शनिवार की शाम उनके भाई को मोहल्ले के रहने वाले बिट्टू यादव और पीयूष कुमार अपने साथ बाइक से लेकर गए थे। घर से निकलने के करीब दो घंटे बाद बिट्टू यादव ने उन्हें सूचना दी कि उनका भाई घायल है और मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। जानकारी मिलते ही वे परिजनों के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उनका भाई मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। उन्होंने मृतक के दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दोस्तों ने ही उनके भाई पर हमला किया और घायल अवस्था में अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि छोटू के सिर पर चाकू से हमला किया गया था, जिससे उसकी मौत हुई।
वहीं, घटना के बाद मृतक के दोस्त बिट्टू यादव का बयान भी सामने आया है। उसने बताया कि वे तीनों दोस्त रोज की तरह एक बाइक से दलन चौक चाय पीने गए थे, जहां बरमसिया निवासी अंशु यादव से मुलाकात हुई। सभी एक दुकान पर चाय पी रहे थे, तभी एक कार आकर रुकी और उसमें से कुछ युवक उतरकर अंशु यादव से विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया और दो गुट आमने-सामने हो गए। स्थिति बिगड़ती देख वे लोग वहां से निकलने लगे, लेकिन बाइक की चाबी खो जाने के कारण गाड़ी स्टार्ट नहीं हो सकी और वे धक्का देकर निकलने लगे।
इसी दौरान अंशु यादव अपने दो साथियों के साथ आया और मदद करने लगा। छोटू सिंह उसके बाइक पर बैठ गया और वह दूसरी बाइक को धक्का दे रहा था। तभी दूसरे गुट के लोग फिर पहुंचे और अंशु यादव पर चाकू से हमला कर दिया, लेकिन वार छोटू के सिर पर लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। घायल छोटू को आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दोस्त की मौत से घबराकर वे लोग परिजनों को सूचना देकर वहां से चले गए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है। News Katihar से राजू चौधरी उर्फ राजेश अग्रवाल की रिपोर्ट