सामूहिक डिग्गियों में लापरवाही भारी, बिना तारबंदी खुले पड़े जलाशय बने पशुओं के लिए मौत का कुआं :-
- - - - कालू वाला माइनर क्षेत्र में 69 डिग्गियों की स्वीकृति, 30 का निर्माण पूरा—लेकिन सुरक्षा इंतजाम नदारद, किसानों ने लगाए मिलीभगत के आरोप :- -
मोहनगढ़(जैसलमेर) - क्षेत्र के कालू वाला माइनर में किसानों के लिए बनाई जा रही सामूहिक सिंचाई डिग्गियों में गंभीर लापरवाही सामने आई है। राज्य सरकार की योजना के तहत यहां 69 समूह वाली डिग्गियों की स्वीकृति जारी हुई थी, जिनमें से अब तक 30 डिग्गियों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। लेकिन निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं के आरोप लग रहे हैं। किसानों का कहना है कि इन डिग्गियों के चारों ओर तारबंदी, जाली, गेट और छोटा खाला बनाने का प्रावधान था, जिसे ठेकेदारों ने उच्च अधिकारियों की मिलीभगत से नहीं बनाया। डिग्गियां चारों ओर से खुली होने के कारण आए दिन गाय, बकरी सहित अन्य पशु इनमें गिरकर मौत का शिकार हो रहे हैं। इससे किसानों में भारी रोष व्याप्त है। किसान खुदा बक्स, दीनू खां, मूलाराम, खमीसे खां, हकीम, भीखे खां, भागीरथ बिश्नोई, संतोष कुमार व दिलीप राम सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सरकार ने डिग्गियों का निर्माण तो करवा दिया, लेकिन सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं किए गए। किसानों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में ग्रामीणों के सामने बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर वे अपनी समस्या लेकर जाएं तो किसके पास। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द डिग्गियों के चारों ओर तारबंदी, जाली व गेट लगाने की मांग की है, ताकि पशुओं की जान बचाई जा सके और दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।