छात्र हित में 27 अप्रैल को हिसार में महापंचायत, पुलिस पर गंभीर आरोप – दुष्यंत चौटाला
पंचकूला, 20 अप्रैल। हिसार में जेजेपी और इनसो नेताओं की गिरफ्तारी व कथित पुलिस बदसलूकी के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। दुष्यंत चौटाला ने ऐलान किया है कि 27 अप्रैल को हिसार के क्रांतिमान पार्क में एक बड़ी महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी से राजनीति से ऊपर उठकर छात्र हित में एकजुट होने का आह्वान किया गया है।
सोमवार को पंचकूला में अजय सिंह चौटाला की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में पार्टी ने कानूनी और सामाजिक दोनों स्तरों पर संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि 17 अप्रैल को गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी और हिसार में हुए घटनाक्रम में छात्रों के साथ अन्याय हुआ है, जिसके खिलाफ जेजेपी हाईकोर्ट, मानवाधिकार आयोग और अनुसूचित जाति आयोग तक मजबूती से लड़ाई लड़ेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना वारंट और नोटिस के देर रात कार्रवाई कर नेताओं को गिरफ्तार किया और इस दौरान बदसलूकी के साथ वीडियो रिकॉर्डिंग उपकरण तक छीन लिए गए। दुष्यंत ने कहा कि इस पूरे मामले में पुलिस के बयान लगातार बदल रहे हैं और कई अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है।
पूर्व डिप्टी सीएम ने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों का माहौल खराब हो रहा है और छात्र लगातार प्रताड़ना का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठनों को बढ़ावा दिया जा रहा है जबकि अन्य को दबाया जा रहा है।
पत्रकारों से बातचीत में दुष्यंत चौटाला ने यह भी दावा किया कि उन्होंने मामले में न्याय के लिए प्रदेश के डीजीपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें ब्लॉक कर दिया गया। उन्होंने इसे प्रशासनिक असंवेदनशीलता करार दिया।
जेजेपी ने आरोप लगाया कि पार्टी नेता बिजेंद्र धानक की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने घर में घुसकर अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया, जिसकी शिकायत एससी-एसटी आयोग में की जाएगी।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि 27 अप्रैल की महापंचायत में आगे की रणनीति तय की जाएगी और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई जाएगी। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
#samacharsansarnews24 #DushyantChautala #JJP #HisarMahapanchayat #StudentJustice #HaryanaNews #PoliceAction #INSO #HisarNews