ग्राम आईंता में पागल स्वान का आतंक, एक ही दिन में पांच लोगों को बनाया शिकार :- - -
- - - - घायलों का मोहनगढ़ सीएचसी में उपचार, एक युवक के चेहरे पर गंभीर घाव, लगे 13 टांके
मोहनगढ़(जैसलमेर) - क्षेत्र में इन दिनों आवारा श्वानों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आमजन में भय का माहौल बना हुआ है। आए दिन श्वान काटने के मामले सामने आ रहे हैं और अस्पतालों में मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। अकेले व्यक्ति का कस्बे की गलियों से गुजरना भी दुश्वार हो रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को मोहनगढ़ क्षेत्र के ग्राम आईंता में एक पागल स्वान ने आतंक मचा दिया। स्वान ने अलग-अलग स्थानों पर पांच जनों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए मोहनगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया और एंटी-रेबीज के निशुल्क इंजेक्शन लगाए गए। ग्राम आईंता निवासी अनोप सिंह ने बताया कि हमले में स्वरूप सिंह (31) पुत्र चंदन सिंह, सुगन सिंह (52) पुत्र फकीर सिंह, जेठू सिंह (60) पुत्र सांग सिंह, नेपाल सिंह (18) पुत्र कालू सिंह और स्वरूप खां (19) पुत्र थाते खां मंगणियार घायल हुए। इनमें स्वरूप सिंह के होठ, नाक और चेहरे पर गंभीर घाव आए, जिन पर चिकित्सकों द्वारा कुल 13 टांके लगाए गए। अन्य घायलों का भी उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्साधिकारी डॉ. मनोहर सिंह भाटी के निर्देशन में सभी का उपचार किया गया। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से आवारा श्वानों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।