अखा बीज पर परंपराओं की झलक, खींच का सामूहिक आनंद :-
- - - बच्चों ने हल-जोत कर दिया खुशहाली का संदेश, गांवों में दिखी रौनक
मोहनगढ़(जैसलमेर) क्षेत्र में रविवार को आखा बीज (अक्षय तृतीया) का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सुबह के समय बच्चों ने घरों के आगे प्रतीकात्मक रूप से हल-जोत कर खुशहाली और समृद्धि का संदेश दिया। वहीं ग्रामीणों ने अपने-अपने घरों में बाजरे का पारंपरिक खींच तैयार किया और सामूहिक रूप से उसका आनंद लिया। अखा बीज के अवसर पर लंबे समय से सूनी पड़ी कोटड़ियों में भी रौनक लौट आई। ग्रामीण एकत्रित होकर मेल-मिलाप के साथ खींच का स्वाद लेते नजर आए। इसके साथ ही घरों में सात प्रकार के अनाज से खळे बनाकर परंपरा का निर्वहन किया गया। पर्व ने गांवों में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की।