जिला पंचायत कटनी टॉप 10 में, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में मिला “A” ग्रेड
कटनी, 20 अप्रैल। सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के मामले में जिला पंचायत कटनी ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर टॉप 10 में अपनी जगह बनाई है। जारी ग्रेडिंग के अनुसार, जिला पंचायत कटनी प्रथम समूह में नौवें स्थान पर रही और “A” ग्रेड हासिल किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला पंचायत को कुल 1141 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनका संतुष्टिपूर्ण निराकरण करते हुए 84.77 प्रतिशत वेटेज प्राप्त किया गया। यह उपलब्धि जिला प्रशासन की सक्रियता और जवाबदेही को दर्शाती है। इस सफलता के पीछे जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर का सतत अनुश्रवण और प्रभावी पर्यवेक्षण प्रमुख रहा। उनके द्वारा प्रतिदिन सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा की जाती है और संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता व तत्परता के साथ समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाते हैं। सीईओ सुश्री कौर ने इस उपलब्धि का श्रेय सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को देते हुए कहा कि भविष्य में भी जनसामान्य की शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक निराकरण प्राथमिकता रहेगा, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं और सेवाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। जिला पंचायत कटनी का यह प्रदर्शन सुशासन और जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।