logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

डांडीघुटु में जल संकट गहराया, गंदा पानी पीने को मजबूर ग्रामीण

अमित बाछुका गिरिडीह झारखंड


डांडीघुटु में जल संकट गहराया, गंदा पानी पीने को मजबूर ग्रामीण



गिरिडीह। जिले के गांडेय विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जीतपुर पंचायत के दुर्गापहरी ग्राम का टोला डांडीघुटु इन दिनों भीषण जल संकट से जूझ रहा है। हालात इतने गंभीर हैं कि यहां करीब 40 घरों के लोग गंदे डाड़ी, यानी तालाबनुमा स्रोत का पानी पीने को मजबूर हैं, जिसका उपयोग जानवर भी करते हैं। इससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराया गया एकमात्र कुआं सूख चुका है और अब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। हैरानी की बात यह है कि वर्ष 2021-22 में एकल ग्राम जलपूर्ति योजना के तहत बनाई गई पानी टंकी आज तक चालू नहीं हो सकी है। करोड़ों की योजनाएं कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
स्थानीय निवासी कुंती मुर्मू ने बताया कि वर्षों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन कोई जनप्रतिनिधि गांव की सुध लेने नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि मुखिया को कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, मुकेश हेंब्रम ने बताया कि पानी की कमी के कारण दूसरे गांव के लोग रिश्ते करने से भी कतराने लगे हैं। सुखु हेम्ब्रम के अनुसार, गर्मी हो या बरसात, हालात जस के तस बने रहते हैं और ग्रामीणों को खेतों और गड्ढों में जमा पानी पर ही निर्भर रहना पड़ता है।
इधर, आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने स्थानीय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन और मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान की मांग की है।

5
158 views

Comment