अवैध शिकार प्रकरण में 05 आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए.!
बलरामपुर (मोहम्मद खालिद)
बलरामपुर जिले के वन परिक्षेत्र धमनी अंतर्गत उप परिक्षेत्र सुंदरपुर, परिसर डुगडुग में अवैध शिकार के प्रकरण में वन विभाग द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने उपरांत न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल रामानुजगंज भेजा गया है। प्रकरण में एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में चिड़िया रंग प्यारी 03 नग एवं गिलहरी 01 नग के अवैध शिकार किए जाने का मामला प्रकाश में आया था। उक्त मामले में वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2(16), 9, 39, 50 एवं 51 के अंतर्गत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 22296/18, दिनांक 18.04.2026 को पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर दिनांक 19.04.2026 को जिला एवं सत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड प्राप्त होने पर उन्हें जिला जेल रामानुजगंज दाखिल किया गया। मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी हेतु सतत प्रयास जारी हैं।
यह संपूर्ण कार्रवाई वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के मार्गदर्शन में संपन्न की गई। उनके निर्देशन में उप वनमंडलाधिकारी वाड्रफनगर प्रेमचंद मिश्रा एवं परिक्षेत्राधिकारी धमनी केशव राज खटकर के नेतृत्व में जांच दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।
उक्त कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक हरिशंकर सिंह, बसंतलाल नेताम, परिसर रक्षक मनदेव प्रसाद गुप्ता, लालमति सोनवानी, वाहन चालक तथा वन प्रबंधन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
वन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति विभाग पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा अवैध शिकार एवं वन अपराधों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।