श्यामलाल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में अक्षय तृतीया पर भगवान परशुराम जयंती मनाई गई
आगरा। आज 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर श्यामलाल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, यमुना ब्रिज, आगरा में भगवान परशुराम का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परशुराम इंटर कॉलेज के सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रवक्ता श्री राम दत्त शर्मा द्वारा भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पार्चन तथा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री उत्तम सिंह ने अपने संबोधन में भगवान परशुराम के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उन्हें दुष्टों का विनाशक बताया। उन्होंने बताया कि भगवान परशुराम का इतिहास आगरा क्षेत्र से भी जुड़ा हुआ है। बच्चों को जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि यहां रेणुका धाम था, जहां पर भगवान परशुराम की माता पूजा-अर्चना करती थीं। रुनकता गांव का नाम भी इन्हीं कथाओं से संबंधित माना जाता है।
प्रधानाचार्य ने आगे बताया कि भगवान परशुराम अपने पिताजी के साथ कैलाश पर्वत से शिवलिंग लाकर कैलाश मंदिर की स्थापना की थी। उन्होंने छोटे-छोटे पौराणिक प्रसंग सुनाकर भगवान परशुराम की गौ-भक्ति और पितृभक्ति का महत्व समझाया।
विद्यालय परिवार ने बताया कि बच्चों में अपने महापुरुषों के प्रति गर्व की भावना जागृत करने के उद्देश्य से विद्यालय में समय-समय पर महापुरुषों की जयंती एवं उनसे संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे छात्र ज्ञान के साथ-साथ आदर्श जीवन मूल्यों को अपनाते हैं।