उद्घाटन से एक दिन पहले पचपदरा रिफाइनरी में आग, मचा हड़कंप
राजस्थान) बालोतरा (दलपतसिंह भायल) जिले के पचपदरा स्थित रिफाइनरी में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब एक दिन बाद यहां प्रधानमंत्री Narendra Modi का प्रस्तावित दौरा और उद्घाटन कार्यक्रम निर्धारित है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रिफाइनरी परिसर के एक हिस्से से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग की लपटें फैलने लगीं। सूचना मिलते ही सुरक्षा दल, दमकल कर्मी और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पहले से ही रिफाइनरी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू थी और विशेष तैयारियां की गई थीं। ऐसे में इस आग की घटना ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया और किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।