logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बिलासपुर-रायपुर किन्नर रेल रूट पर यात्रियों से कथित वसूली, मारपीट और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

बिलासपुर रायपुर बिलासपुर से रायपुर के बीच चलने वाली 12906 पोरबंदर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यात्रियों के साथ कथित तौर पर जबरन वसूली और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। एक यात्री ने आरोप लगाया है कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे बिलासपुर के तालापारा क्षेत्र में रहने वाली एक किन्नर अपनी एक साथी के साथ ट्रेन में चढ़ी और जनरल डिब्बे में यात्रियों से जबरन पैसे वसूलने लगी।



पीड़ित यात्री के अनुसार, आरोपियों ने हर व्यक्ति से 50 रुपये की मांग की। जब उसने 100 रुपये देने से इनकार किया, तो उसके साथ छीना-झपटी की गई और कथित रूप से मारपीट भी की गई। घटना चाकरभाटा और बिल्हा स्टेशन के बीच की बताई जा रही है। यात्री का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी ने अभद्र व्यवहार किया और कपड़े उतारने जैसी हरकतें भी कीं, जिससे यात्रियों में डर का माहौल बन गया।



यात्री ने बताया कि उसने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और कुछ फोटो-वीडियो डिलीट कर दिए। बाद में स्थानीय पहचान होने पर मोबाइल वापस कर दिया गया।



घटना के दौरान यात्री ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन बिलासपुर से रायपुर तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी के डिब्बे में नहीं पहुंचने का आरोप लगाया गया है। इससे रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।



पीड़ित ने सवाल उठाया कि क्या जनरल डिब्बे में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की जिम्मेदारी नहीं है? साथ ही यह भी पूछा कि आखिर अनाधिकृत लोग ट्रेन में आसानी से कैसे चढ़ जाते हैं, जबकि हवाई यात्रा में ऐसी घटनाएं देखने को नहीं मिलतीं।



यात्री ने मामले में कार्रवाई नहीं होने पर रेलवे के खिलाफ कानूनी कदम उठाने की चेतावनी दी है। उसने यह भी कहा कि जनरल डिब्बों में सफर करने वाले अधिकतर लोग गरीब और ग्रामीण पृष्ठभूमि से होते हैं, जो पैसे बचाने के लिए यात्रा करते हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं उनकी परेशानी बढ़ा रही हैं।



फिलहाल रेलवे पुलिस और संबंधित अधिकारियों की ओर से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

5
725 views

Comment