logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

अनदेखी: मधुपुर में अतिक्रमण से बिगड़ी व्यवस्था, सड़कों पर जाम और रेंगते वाहन


मधुपुर शहर में बढ़ते अतिक्रमण ने यातायात व्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। सड़कों पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते हैं और कई बार लंबा इंतजार करना पड़ता है।

रविवार शाम को स्थिति और भी खराब हो गई, जब गांधी चौक से लेकर सरदार पटेल रोड होते हुए डालमिया कूप तक लगभग एक घंटे तक भारी जाम लगा रहा। सड़क पर वाहन रुक-रुककर चलते रहे और पूरी यातायात व्यवस्था चरमरा गई। उमस भरी गर्मी में राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे जाम को हटाया गया। बताया जाता है कि गांधी चौक, हटिया रोड और सरदार पटेल रोड पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण सड़कों की चौड़ाई काफी कम हो गई है, जिससे जाम की समस्या लगातार बनी रहती है।

वहीं, गांधी चौक से डालमिया कूप तक बन रहा फ्लाईओवर भी पिछले सात वर्षों से अधूरा पड़ा है। रेलवे पुल की क्षमता भी वाहनों की संख्या के अनुरूप नहीं है, जिसके कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है।

शहर के बुद्धिजीवियों और स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग की है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। यही कारण है कि शहर में यातायात की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है।

9
216 views

Comment