logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पुर्व उपमुख्यमन्त्री दुष्यंत चौटाला के काफिले को रोकना और हथियार दिखाना सरकार की ओछी मानसिकता का प्रतीक : मुहम्मद नसीम रोजका मेव

पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के काफिले को रोकना और हथियार दिखाना सरकार की ओछी मानसिकता का प्रतीक : मुहम्मद नसीम रोजका मेव

नूह (मेवात) 19 अप्रैल 2026
जननायक जनता पार्टी के किसान प्रकोष्ट के हल्का अध्यक्ष मुहम्मद नसीम रोजका मेव ने हिसार में प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के काफिले को पुलिस द्वारा जबरन रोकने, हथियार दिखाने और धमकी देने की घटना पर कड़ा रोष प्रकट किया है। मुहम्मद नसीम ने इसे प्रदेश के लोकतंत्र के लिए एक ‘काला दिन’ बताते हुए सरकार और पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई की घोर निंदा की है।
किसान प्रकोष्ट जेजेपी नेता ने कहा कि हिसार में पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के साथ जो व्यवहार किया गया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। बीजेपी सरकार अब सरेआम गुंडागर्दी पर उतर आई है। जब भी जननायक जनता पार्टी और हमारे नेता दुष्यंत चौटाला व दिग्विजय चौटाला आमजन या प्रदेश के लाखों छात्र-छात्राओं की जायज मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाते हैं, तो सरकार पुलिस के दम पर उन्हें दबाने का प्रयास करती है। मुहम्मद नसीम ने कहा कि एक पूर्व उपमुख्यमंत्री और वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त नेता की गाड़ी को जबरन रोकना और उन पर पिस्टल तानना किसी गहरी साजिश की ओर इशारा करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पुलिस की मंशा साफ थी, तो दुष्यंत चौटाला द्वारा गाड़ी रोकने के प्रयास पर पुलिसकर्मी वहां से भाग क्यों खड़े हुए, यह स्पष्ट करता है कि दाल में कुछ काला है।
किसान प्रकोष्ट के हल्काध्यक्ष ने बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार प्रदेश की जनता को जातियों में बांटकर आपस में लड़ाने का जो काम कर रही है, उसे अब प्रदेश के लोग समझ चुके हैं। अब प्रदेश की जनता इनके किसी झांसे में नहीं आएगी। मुहम्मद नसीम ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि हमारे नेताओं के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि इस घटिया हरकत को अंजाम देने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तुरंत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। यदि सरकार ने दोषी पुलिसकर्मियों पर जल्द एक्शन नहीं लिया, तो जननायक जनता पार्टी केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि समस्त उत्तर भारत में उग्र प्रदर्शन करेगी। जजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने नेताओं के सम्मान की रक्षा के लिए सडक़ों पर उतरने को तैयार है।

0
15 views

Comment