मीडिया द्वारा आध्यात्मिक जागरण से विश्व परिवर्तन विषय पर सेमिनार आयोजित।
कोटा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, कमला उद्यान, कोटा में “मीडिया द्वारा आध्यात्मिक जागरण से विश्व परिवर्तन” विषय पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न स्थानों से आए मीडिया प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता माउंट आबू से पधारे ब्रह्माकुमारी मीडिया प्रभारी एवं मधुबन न्यूज के चीफ एडिटर बीके कोमल भाई ने अपने संबोधन में कहा कि मीडिया प्रजातंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मीडिया कर्मियों को राजयोग मेडिटेशन अपनाना चाहिए, जिससे उनके जीवन में सकारात्मकता का विकास होगा, मन शांत रहेगा और वे अपने कार्य को अधिक प्रभावी एवं संतुलित ढंग से कर सकेंगे। उन्होंने सभी मीडिया कर्मियों को माउंट आबू आने का भी आमंत्रण दिया।
इंदौर से पधारी वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके अनीता दीदी ने कहा कि मीडिया कर्मी देश की सेवा के साथ-साथ स्वयं की आंतरिक शांति और सशक्तिकरण के लिए भी नियमित मेडिटेशन अपनाएं। उन्होंने सभी को आत्मिक उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में आशीर्वचन देते हुए कोटा संभाग प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी ने उपस्थित सभी पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने पवित्र ब्रह्माभोजन ग्रहण किया तथा आध्यात्मिक आर्ट गैलरी का अवलोकन किया। इस सेमिनार ने उपस्थित मीडिया कर्मियों के मन में आध्यात्मिक जागरूकता एवं सकारात्मक सोच का संदेश स्थापित किया।