उपायुक्त ने नियंत्रण कक्ष एवं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, निष्पक्षता व पारदर्शिता पर रहा विशेष जोर
झारखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित झारखण्ड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी संचालन को लेकर पलामू जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। *उपायुक्त-सह- जिला दंडाधिकारी श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत* ने आज विभिन्न परीक्षा केंद्रों एवं जिला नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला नियंत्रण कक्ष के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संपूर्ण मॉनिटरिंग सिस्टम, सूचना संप्रेषण व्यवस्था एवं तैनात कर्मियों की सक्रियता का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत या समस्या को तत्काल संज्ञान में लेते हुए वरीय पदाधिकारियों तक पहुंचाएं, ताकि उसका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को परीक्षा की पवित्रता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी केंद्रों पर स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने तथा परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। आयोग के गाइडलाइन के अनुरूप परीक्षार्थियों को सहज एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएं जाए। *उपायुक्त ने प्रथम पाली में राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय (जिला स्कूल), राजकीयकृत गिरिवर प्लस टू उच्च विद्यालय, जीएलए कॉलेज तथा जनता शिवरात्रि इंटर कॉलेज तथा द्वितीय पाली में बीएन कॉलेज, हमीदगंज एवं योध सिंह नामधारी कॉलेज* स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा सुदृढ़ निगरानी एवं सतर्क प्रशासनिक व्यवस्था के बीच जिले में परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने की दिशा में ठोस प्रयास सुनिश्चित किए गए हैं। पलामू जिले के विभिन्न आठ परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों में परीक्षा संचालित हो रहा है। परीक्षा केद्रों पर शांति एवं विधि व्यवस्था तथा कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां की गई है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष रूप से स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो सके।