लखनऊ के सिसेंडी में गेहूं की फसल जलकर राखः बड़ा शिवाला मंदिर के पास खेत में लगी भीषण आग
लखनऊ के मोहनलालगंज स्थित सिसेंडी क्षेत्र के बड़ा शिवाला मंदिर के पास एक खेत में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। इस घटना में लगभग एक बीघा गेहूं की खड़ी फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई, जिससे किसान को भारी नुकसान हुआ है।
आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैली और पूरे खेत को अपनी चपेट में ले लिया। सिसेंडी निवासी वीरेंद्र शुक्ला उर्फ सोनू शुक्ला का यह खेत आग की चपेट में आया था।
स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सिसेंडी पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद रही और स्थिति को नियंत्रित किया।
ग्रामीणों के अनुसार, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि, तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैली, जिससे नुकसान अधिक हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है, और किसान अपनी फसलों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।