logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

भीषण गर्मी में आग पर लगाम: डीएम सख्त, सभी विभाग अलर्ट पर संवाददाता: प्रदीप दुबे

गर्मी में आग की घटनाओं पर रोक को डीएम सख्त, सभी विभागों को जारी निर्देश

प्रमुख समाचार | प्रयागराज
ग्रीष्मकाल में बढ़ती अग्नि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने जनपद के विभिन्न विभागों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने पुलिस, विद्युत, अग्निशमन, नगर निकाय, राजस्व व ग्रामीण विकास विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले वर्षों में गेहूं सहित अन्य फसलों में आग लगने की घटनाएं अधिक हुई हैं, जिनका प्रमुख कारण ढीले बिजली के तारों से होने वाली स्पार्किंग तथा तेज हवा के दौरान आग का तेजी से फैलना रहा है। इसके अलावा कुछ मामलों में फसल अवशेष जलाने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
जारी निर्देशों में विद्युत विभाग को ढीले तारों को तत्काल दुरुस्त करने, ट्रांसफार्मरों का ऑडिट कराने और आवश्यकता अनुसार लोड के अनुरूप ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। तेज आंधी या हवा के समय ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बंद करने पर भी जोर दिया गया है।
किसानों को खेतों के ऊपर से गुजरने वाले तारों के नीचे खलिहान कार्य न करने तथा ट्रांसफार्मर के आसपास फसल को पहले ही काटने के लिए जागरूक करने को कहा गया है। साथ ही फसल अवशेष जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करते हुए उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में फूस के मकानों में चूल्हे से लगने वाली आग को रोकने के लिए टीन शेड या एजबेस्टस शीट लगाने के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, हर घर जल योजना के अंतर्गत बने पानी के टैंकों की जांच कर अग्निशमन के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों, थानों और कंट्रोल रूम में अग्नि सचेतकों की सूची व संपर्क नंबर उपलब्ध रखने, जल स्रोतों की जानकारी संकलित करने तथा आग लगने की स्थिति में फायर सर्विस को स्थानीय प्रशासन का सहयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इन व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर उसकी रिपोर्ट जिला आपदा कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

5
715 views

Comment