प्रयागराज के मेजा तहसील के ग्राम सभा अकोढ़ा में कागजों पर विकास, जमीनी हकीकत में जल संकट
प्रयागराज के मेजा तहसील के ग्राम सभा अकोढ़ा में कागजों पर विकास, जमीनी हकीकत में जल संकट
प्रयागराज (मेजा), संवाददाता – प्रदीप दुबे (टाई सरैया):
केंद्र सरकार की बहुप्रचारित ‘हर घर जल’ योजना जनपद प्रयागराज के मेजा तहसील अंतर्गत ग्राम सभा अकोढ़ा में पूरी तरह से ध्वस्त नजर आ रही है। लाखों रुपये की सरकारी धनराशि खर्च होने के बावजूद गांव के लोग आज भी एक-एक बूंद पानी के लिए जूझने को मजबूर हैं। यह स्थिति न केवल प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि पूरे तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के नाम पर केवल दिखावटी काम किए गए। पाइपलाइन बिछाने और जल आपूर्ति के दावे तो किए गए, लेकिन हकीकत यह है कि नलों में पानी आता ही नहीं। कई जगहों पर अधूरी पाइपलाइन और खराब व्यवस्थाएं इस बात की गवाही दे रही हैं कि धन का उपयोग सही तरीके से नहीं किया गया।
भीषण गर्मी के बीच महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग कई किलोमीटर दूर से पानी ढोने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारी सिर्फ आश्वासन देकर पल्ला झाड़ लेते हैं। जिम्मेदार विभाग पूरी तरह से मौन साधे हुए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब लाखों रुपये खर्च हुए, तो आखिर पानी कहां गया? क्या यह योजना सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई? क्या इसमें भ्रष्टाचार की बू नहीं आ रही? यदि हां, तो इसकी जांच कब होगी और दोषियों पर कार्रवाई कब होगी?
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।