रायबरेली जनपद के लालगंज में वन विभाग की बड़ी कार्यवाही , अवैध कटान में लिप्त ट्रैक्टर-ट्राली जब्त
रायबरेली सरेनी/लालगंज सरेनी क्षेत्र में वन विभाग की सख्ती अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगी है। लालगंज वन रेंज में तैनात वन रेंजर नीरज जोशी के पदभार संभालने के बाद से अवैध कटान के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में टिकुवापुर गहरौली क्षेत्र में वन विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से काटी जा रही लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि गहरौली गांव में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई की जा रही है। सूचना मिलते ही वन रेंजर नीरज जोशी अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचकर टीम ने देखा कि वन माफिया द्वारा पेड़ों का अवैध दोहन कर लकड़ी को ट्रैक्टर-ट्राली में लादकर ले जाया जा रहा था। विभागीय टीम को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी भागने का प्रयास करने लगे।
वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर-ट्राली को मौके पर ही पकड़ लिया और उसे कब्जे में लेकर वन रेंज कार्यालय लालगंज ले आई। जांच के दौरान यह सामने आया कि अवैध कटान में शामिल मुख्य आरोपी दानिश, निवासी ग्राम छतौना है। वहीं जब्त वाहन के मालिक पप्पू पटेल तथा चालक हरिशंकर बताए जा रहे हैं।
वन रेंजर नीरज जोशी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध कटान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब्त लकड़ी और वाहन के संबंध में आगे की कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार की जाएगी। साथ ही इस पूरे प्रकरण में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से क्षेत्र में वन माफियाओं के बीच दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि वन विभाग की इस सक्रियता से वन संपदा की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी और अवैध कटान पर प्रभावी रोक लग सकेगी।