भाजपा जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का किया अभिनंदन
बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शनिवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में गया जिला पूर्वी के भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कुमार मांझी ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत व अभिनंदन किया।
मुलाकात के दौरान गया जिले के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने को लेकर चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष ने जिले के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार से विशेष पहल की अपेक्षा जताई और स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में ध्यान आकृष्ट कराया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री को गया भ्रमण के लिए आमंत्रित किया। जिसे मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रूप से लिया। इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुधांशु कुमार मिश्रा व नमो ऐप के जिला संयोजक चंदन कुमार भी उपस्थित थे।