logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

निचलौल-सिसवा मार्ग पर दर्दनाक हादसा: पिकअप से अलग हुए जेनरेटर की चपेट में आकर मां-बेटे की मौत

रिपोर्ट: प्रदीप सिंह, महराजगंज
महराजगंज। जिले के निचलौल-सिसवा मार्ग पर रायपुर गांव के पास शनिवार दोपहर बाद एक भीषण सड़क हादसे में कुशीनगर निवासी बाइक सवार मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र के सोहरौना गांव निवासी लक्ष्मण कुशवाहा (18) पुत्र विनोद कुशवाहा अपनी मां रामवती (45) को बाइक पर बैठाकर निचलौल की ओर आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक पिकअप वाहन, जिसमें पीछे दो जेनरेटर बंधे थे, सिसवा की तरफ जा रही थी।

रायपुर गांव के समीप पहुंचते ही पिकअप में बंधा एक जेनरेटर अचानक खुलकर सड़क परअलग हो गया। अचानक हुए इस हादसे में बाइक सवार मां-बेटे जेनरेटर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मोबाइल सिम से हुई पहचान
हादसे के बाद मृतकों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया, क्योंकि दोनों के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला। जिस बाइक से वे आ रहे थे, उसका नंबर लखनऊ का था, जिससे भ्रम की स्थिति बनी रही। बाद में क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन में मिले दो सिम कार्ड के आधार पर मां-बेटे की पहचान संभव हो सकी। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।

पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
थाना प्रभारी मदन मोहन मिश्र ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

5
231 views

Comment