विकास कार्यों, राजस्व वसूली और कानून-व्यवस्था की हुई समीक्षा
शाहजहांपुर, 18 अप्रैल। जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में विकास कार्यों, राजस्व वसूली और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह ने विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। बताया गया कि जनपद ने कई योजनाओं में संतोषजनक प्रदर्शन करते हुए ‘ए’ ग्रेड हासिल किया है, जबकि अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (स्प्रिंकलर) के लक्ष्य पूरे कर लिए गए हैं।
मंत्री ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को निर्धारित समय पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री आवास योजना के लंबित निर्माण कार्य तीन माह में पूर्ण करने के भी निर्देश दिए गए। इसके अलावा उद्यान विभाग को किसानों को वितरित बीजों की जांच करने के लिए कहा गया।
राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान आबकारी, स्टांप, खनन, जीएसटी और बिजली विभाग को लक्ष्य के सापेक्ष वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कानून-व्यवस्था की समीक्षा में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई की जानकारी दी। मंत्री ने निर्देश दिए कि गैंगस्टर, जिला बदर और गुंडा एक्ट के तहत अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए तथा विवेचनाएं समय से पूरी हों।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने आभार जताते हुए कहा कि बैठक में दिए गए निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन कराया जाएगा। इस दौरान जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।