logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड 10+2 की मान्यता

विंढमगंज–महुली क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि, अब गांव के छात्र भी अंग्रेजी माध्यम से इंटर तक पढ़ाई कर बनाएंगे नया भविष्य

दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)
शिक्षा के क्षेत्र में दुद्धी तहसील को एक बड़ी और गौरवपूर्ण उपलब्धि हाथ लगी है। विंढमगंज मार्ग पर स्थित महुली क्षेत्र के राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा (संबद्धता संख्या: 2134810) को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से 10+2 (इंटरमीडिएट) की मान्यता प्राप्त हो गई है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ ही पूरे दुद्धी, विंढमगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह और खुशी का माहौल चरम पर पहुंच गया है।
ग्रामीण अंचल में यह मान्यता किसी क्रांति से कम नहीं मानी जा रही है। अब तक यहां के मेधावी छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा और अंग्रेजी माध्यम से इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए दूर शहरों का सहारा लेना पड़ता था, जिससे समय, धन और संसाधनों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था। लेकिन अब इस नई मान्यता के साथ ही दुद्धी क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में सीबीएसई बोर्ड के अंतर्गत आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि को वर्षों की मेहनत, अनुशासन और शैक्षणिक गुणवत्ता का परिणाम बताया है। स्मार्ट कक्षाएं, प्रशिक्षित एवं अनुभवी शिक्षकों की टीम, विश्व स्तरीय अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण को सीबीएसई मानकों के अनुरूप और अधिक सुदृढ़ किया गया है। जिससे किफायती शुल्क में राष्ट्रीय स्तर की उच्च गुणवत्ता युक्त शिक्षा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को प्राप्त हो सके। यह उपलब्धि आने वाले समय में पूरे क्षेत्र को एक नई शैक्षणिक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मान्यता की सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर में मानो उत्सव का सैलाब उमड़ पड़ा। विद्यालय के चेयरमैन मकसूद आलम के नेतृत्व में शिक्षक, शिक्षिकाएं, कर्मचारी और क्षेत्रवासी एकत्रित हुए और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर इस उपलब्धि की खुशी साझा की। विद्यालय परिसर में खुशियों का ऐसा नजारा था, जहां हर चेहरा गर्व और उल्लास से दमक रहा था।
केवल विद्यालय ही नहीं, बल्कि दुद्धी, विंढमगंज और महुली क्षेत्र के विभिन्न गांवों और बाजारों में भी इस उपलब्धि को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया। जगह-जगह पटाखे फोड़े गए, मिठाइयां बांटी गईं और लोगों ने एक-दूसरे को बधाइयां देते हुए इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन बताया।
इस अवसर पर आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रबंधक महबूब आलम, निदेशक मंसूर आलम, केडी त्रिपाठी (प्रधानाचार्य, राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा ), मनोज कुमार कन्नौजिया, नवनीत कुमार मिश्रा, हृदय नारायण (प्रधानाचार्य, मॉडर्न औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हिराचक), राकेश कुमार कन्नौजिया (प्रधानाचार्य, आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली), सतीश कुमार, कृष्णा कुमार, मेराज अंसारी, विकास कुमार कन्नौजिया, कृष्ण मुरारी, जयप्रकाश शर्मा, रविंदर कुमार, तामरस पूरी, कमलेश कुमार, कृष्णा मेम, शिरीन चक्रवर्ती सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यह उपलब्धि न केवल एक विद्यालय की सफलता है, बल्कि पूरे दुद्धी क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा और आने वाले समय में यह क्षेत्र शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।

0
0 views

Comment